भारत लीक्स, आगरा । शाहदरा क्षेत्र में झरना नाले के सहारे भू-माफिया द्वारा हरे पेड़ों को काटकर जमीन को समतल कर कब्जा करने की कोशिश का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के पहुंचते ही गतिविधियां रुक गईं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जंगल क्षेत्र में हरे पेड़ों पर आरी चलाने और कब्जा करने के प्रयास सामने आ चुके हैं। आरोप है कि कई बार केवल खानापूर्ति के नाम पर वन विभाग द्वारा छोटी-मोटी कार्रवाई कर दी जाती है, जिससे ऐसे तत्वों के हौसले बुलंद रहते हैं। खास बात यह है कि चार दिन पहले भी इसी इलाके में हरे पेड़ काटे गए थे, जिसकी खबर ब्रेक हुई थी।
वन अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि कुछ झाड़ियां काटी गई हैं। जानकारी मिलते ही विभागीय टीम को मौके पर भेजा गया। निरीक्षण के लिए रेंजर पुनिता यादव सहित अन्य अधिकारी भी पहुंचे। फिलहाल कटी हुई झाड़ियों और पेड़ों की गिनती कराई जा रही है, और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या इस बार कार्रवाई सिर्फ औपचारिकता तक सीमित रहती है या फिर जंगल और सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाते हैं।

