सेंट फिडेलिस स्कूल शाहदरा में बसंत पंचमी पर भव्य आयोजन, विधिवत पूजा-हवन के साथ हुआ कार्यक्रम
भारत लीक्स, आगरा l
शाहदरा क्षेत्र स्थित सेंट फिडेलिस स्कूल में आज बसंत पंचमी के पावन अवसर पर श्रद्धा और उल्लास के साथ विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की व्यवस्था स्कूल के मैनेजर आशीष राज लोधी के नेतृत्व में की गई, जबकि विद्यालय के डायरेक्टर श्री पृथ्वीराज लोधी की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया।

सुबह वृंदावन से पधारे विद्वान पंडित जी ने विधि-विधान से मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कराई। इसके उपरांत विद्यालय परिसर में भव्य हवन का आयोजन हुआ, जिसमें शिक्षा, संस्कार और समर्पण की भावना के साथ आहुतियां दी गईं। यह धार्मिक अनुष्ठान लगभग दो घंटे तक चला।
कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ—सोनी मैम, मेघा मैम, राधा मैम, नेहा मैम, ऐश्वर्या मैम, विमलेश मैम, शाहीन मैम, सना मैम, हिमानी मैम, ज्योति मैम सहित सभी अध्यापकगण—सक्रिय रूप से शामिल रहे। साथ ही विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने भी पूरे अनुशासन और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
हवन पूर्ण होने के बाद सभी को प्रसाद स्वरूप मिठाई वितरित की गई, जिसमें विशेष रूप से बूंदी के लड्डू बांटे गए। बच्चों में प्रसाद को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर श्री पृथ्वीराज लोधी ने कहा,
“बसंत पंचमी ज्ञान, विद्या और संस्कार का पर्व है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। हमारा उद्देश्य केवल किताबी शिक्षा नहीं, बल्कि नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों के साथ बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है।”
पूरे विद्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण, मंत्रोच्चार और हवन की पवित्र अग्नि के साथ बसंत पंचमी का यह आयोजन सभी के लिए स्मरणीय बन गया।

