भारत लीक्स ,आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के चौकी रामबाग अंतर्गत जवाहर पुल के नीचे आज (सोमवार) उस समय हड़कंप मच गया, जब नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य तेजी से शुरू कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली कि जवाहर पुल के नीचे दो बच्चे नहाते समय डूब गए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देवेन्द्र कुमार दुबे पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।

डूबने वाले किशोरों की पहचान
1. हर्षित (14 वर्ष) पुत्र सतीश, निवासी लाल मस्जिद वाटर वर्क्स, बलकेश्वर
2. राहुल (17 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र कुमार, निवासी लाल मस्जिद वाटर बॉक्स, बलकेश्वर
के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों नहाते समय अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने तत्काल गोताखोरों को बुलवाया और तलाश अभियान शुरू कराया।
🗣️ थाना अध्यक्ष का बयान
थाना अध्यक्ष देवेंद्र दुबे ने बताया कि, “आज सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान लगातार चलाया जा रहा है। हमारी प्राथमिकता दोनों बच्चों को जल्द से जल्द ढूंढकर परिजनों को सौंपना है। मौके पर पूरी तरह शांति व्यवस्था बनी हुई है और हर संभव मदद की जा रही है।”
😢 परिवार में मचा कोहराम
इस दर्दनाक घटना की खबर मिलते ही दोनों किशोरों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं और बच्चों की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं।
Post Views: 10


