ट्रांस यमुना पुलिस की तत्परता से दो मासूम बच्चों को सकुशल परिजनों से मिलाया ।
भारत लीक्स,आगरा । थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने तत्परता व सक्रियता का परिचय देते हुए अलग-अलग स्थानों से गुम हुए दो मासूम बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस के इस सराहनीय कार्य से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
पहली घटना में महावीर नगर क्षेत्र निवासी शिवांश पुत्र योगेन्द्र (उम्र 4 वर्ष) के गुम होने की सूचना प्राप्त होते ही चौकी मंडी समिति इंचार्ज अमित कुमार ने अपनी टीम के साथ तत्काल क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। अमित कुमार की टीम ने सोशल मीडिया व स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे की तलाश तेज की और कड़ी मेहनत के बाद शिवांश को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।
दूसरी घटना में गुलाब नगर, श्याम नगर टीला निवासी सचिन पुत्र नेपाल सिंह ने अपने 5 वर्षीय पुत्र के घर से लापता होने की सूचना थाना ट्रांस यमुना में दी। सूचना मिलते ही टेडी बगिया चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार व थाना पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए बच्चे की तलाश शुरू की। पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग व खोजबीन कर बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके पिता को सुपुर्द कर दिया।
-
इन दोनों घटनाओं में थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने उत्कृष्ट टीमवर्क, त्वरित कार्रवाई और आधुनिक माध्यमों का उपयोग करते हुए बच्चों को सुरक्षित बरामद कर एक मिसाल पेश की है।
थाना अध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा इस प्रकार की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई कर बच्चों को सकुशल बरामद करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दोनों बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया तथा क्षेत्रीय लोगों ने भी पुलिस के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।

