थाना एत्माद्दौला क्षेत्र का मामला, साथियों संग निकाली रैली, वीडियो वायरल
भारत लीक्स,आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के प्रकाश नगर में 15 हजार रुपये का ईनामी दबंग जेल से छूटते ही फिर से सक्रिय हो गया। आरोप है कि दबंग ने भाजपा मंडल संयोजक के परिवार को जान से मारने की धमकी दी और अपने साथियों के साथ इलाके में रैली निकालकर दहशत फैलाने की कोशिश की। रैली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
भाजपा मंडल संयोजक पिंटू गुप्ता ने बताया कि 9 फरवरी को दबंगों ने पूर्वांचल ट्रांसपोर्ट में घुसकर हमला किया था। पुलिस ने तब मुकदमा दर्ज कर आरोपी विशाल ठाकुर पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में उसे एत्माद्दौला पुलिस ने 2 जुलाई को लखनऊ से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार को जेल से रिहा होने के बाद विशाल ठाकुर अपने साथियों सचिन भदौरिया, पप्पू, मिलन ठाकुर, दीपक राठौर, अन्नू भदौरिया और अन्य लोगों के साथ पिंटू गुप्ता के घर पहुंच गया। पिंटू उस समय घर पर नहीं थे। आरोप है कि दबंगों ने घर पर मौजूद परिजनों से गाली-गलौज की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
परिवार ने बताया कि यह दबंग पहले भी कई बार हमला कर चुका है। जेल से निकलते ही उसने फिल्मी अंदाज में जुलूस निकालकर अपनी दबंगई का प्रदर्शन किया, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे दबंग सत्ता का सहारा लेकर खुलेआम गुंडई करते हैं और पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती।
एसीपी छत्ता पीयूष कांत राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
Post Views: 51

