घड़ी चांदनी क्षेत्र का मामला, फिरौती में मांगी थी 2.50 लाख रकम ।
भारत लीक्स आगरा। एत्माद्दोला थाना क्षेत्र के घड़ी चांदनी में शुक्रवार दोपहर 5 साल के बच्चे का अपहरण कर लिया गया। बच्चा घर के पास खेल रहा था, तभी दो युवक आए और उसे बहला-फुसलाकर साथ ले गए। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
एक फुटेज में एक युवक बच्चे की उंगली पकड़कर ले जाता दिखा। कुछ दूरी पर दूसरा युवक एक्टिवा लेकर पहुंचा और दोनों बच्चे को लेकर फरार हो गए। मामला करीब 1.30 बजे का है।
बच्चे के पिता सोनू की राधे ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। अपहरण के करीब एक घंटे बाद दोपहर 2.30 बजे आरोपी ने वॉट्सऐप कॉल कर 2.50 लाख रुपये की फिरौती मांगी और बच्चे को वीडियो कॉल पर दिखाया। आरोपी बार-बार लोकेशन बदलते रहे। जांच में सामने आया कि सिम फर्जी दस्तावेज पर लिया गया है।
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के अनुसार, बच्चे के पिता ने अपहरणकर्ता को पहचान लिया है। आरोपी परिवार का करीबी है, इसलिए बच्चा आसानी से उसके साथ चला गया। पुलिस ने सीसीटीवी से पहचान कर एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। बच्चे की तलाश जारी है, जल्द बरामदगी की उम्मीद है।
Post Views: 137

