भारत लीक्स,आगरा। फाउंड्री नगर के संजीव नगर निवासी सचिन पुत्र रघुवीर रविवार को यमुना नदी में नहाने गया और डूब गया। परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस और गोताखोर देर शाम तक तलाश में जुटे रहे।

जानकारी के मुताबिक, सचिन अपने दोस्त मोहन के साथ बाल कटवाने गया था। इसके बाद सचिन ने मोहन से यमुना में नहाने की बात कही, लेकिन मोहन ने मना कर दिया। सचिन ने अपने दोस्त बाबू को भी फोन किया, पर उसने भी साथ जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद मोहन का छोटा भाई सूरज तैयार हो गया और दोनों यमुना किनारे नहाने पहुंचे।
नदी में उतरने के बाद सूरज तैरकर दूसरी ओर पहुंच गया, लेकिन सचिन को तीन बार डुबकी लगाने के बाद बीच धारा में चक्कर आ गया और वह डूब गया। सूरज ने तुरंत घरवालों को सूचना दी। परिजन के साथ पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंच गए और देर रात तक तलाश अभियान चलता रहा।
सचिन का एक भाई विशाल करीब आठ साल पहले ही बीमारी से मौत का शिकार हो चुका था। परिवार की तीन बेटियां हैं और सचिन ही इकलौता बेटा था। पिता रघुवीर गुड़िया के बाल बनाने का काम करते हैं और सचिन खुद ऑटो चलाकर परिवार का सहारा बना हुआ था। अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में मातम छाया है। यमुना से सचिन को निकालने की कोशिशें जारी हैं।
Post Views: 153

