
भारत लीक्स ,आगरा । आगरा की एक प्रसिद्ध लॉयर्स कॉलोनी में एक अजीबोगरीब चोरी का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे एक्टिवा सवार बदमाश कॉलोनी में घरों के बाहर लगे पेड़ों से फूल तोड़ते हुए दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि दो लोग, दो घरों के बाहर से फूल तोड़े। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कॉलोनी में इस तरह की संदिग्ध घटनाएं हो चुकी हैं। बीते वर्ष एक अधिवक्ता के घर के सामने उनके फोटो के साथ कथित तौर पर टोटका जैसी हरकत कर कुछ सामग्री डाल दी गई थी, जिससे पूरा परिवार भयभीत हो गया था। डर के माहौल में परिवार को टोटके से बचाव के लिए 30 से 40 हजार रुपये तक पूजा-अर्चना पर खर्च करने पड़े थे।
वहीं कॉलोनी में बच्चों के खेलने का सामान भी अक्सर घरों के बाहर से गायब हो जाता है, जिससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इस मामले में कॉलोनी निवासी ज्योति जयसवाल ने बताया कि लगातार इस तरह की घटनाओं से कॉलोनी में डर का माहौल बन गया है। कभी फूल तोड़े जाते हैं तो कभी बच्चों का सामान चोरी हो जाता है। पहले टोटके जैसी घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे लोग मानसिक रूप से परेशान हैं। पुलिस को इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद कॉलोनी के लोग सुरक्षा बढ़ाने और पुलिस गश्त की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी वारदात भी हो सकती है।
Post Views: 14

