नुनिहाई में टंकी निर्माण में लापरवाही, बारिश से बढ़ा खतरा ।

Blog
भारत लीक्स,आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के नुनिहाई, पुरानी पुलिस चौकी के पास जल निगम द्वारा नई पानी की टंकी के निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। यह निर्माण कार्य कोणार्क एसोसिएट्स को ठेके पर दिया गया है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही के कारण बरसात में हालात बिगड़ गए हैं। बाउंड्री वाल गिर गई है, मकानों और मंदिर में दरारें आ गई हैं तथा आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जल निगम ने नई पानी की टंकी के निर्माण का ठेका कोणार्क एसोसिएट्स को दिया है। निर्माण कार्य के तहत 3 अप्रैल को पुरानी पानी की टंकी को ध्वस्त कर दिया गया और नई टंकी की नींव के लिए लगभग 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया। हालांकि, निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से बरसात का पानी गड्ढे में भर गया, जिससे आसपास की बाउंड्री वाल क्षतिग्रस्त होकर गिर गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2003 में बनी पानी की टंकी आज तक चालू नहीं हो सकी और वर्षों से बंद पड़ी है। वहीं, पुरानी जर्जर टंकी भी अब खतरे का कारण बनी हुई है। बरसात के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है।
निर्माण स्थल से सटे ॐ जय महाकाल भद्रकाली मंदिर की दीवारों और फर्श में दरारें आ गई हैं। मंदिर परिसर में बारिश का पानी पहुंच गया है। इसके अलावा आसपास के कई मकानों और एक फैक्ट्री पर भी खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो बड़ा हादसा हो सकता है।
कोणार्क एसोसिएट्स के प्रतिनिधि देवेश कुमार का कहना है कि लगातार बारिश के कारण निर्माण स्थल पर पानी भर गया है। पानी निकासी का कार्य कराया जा रहा है। इसके बाद निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *