दो घरों में लगी आग, लाखों में सामान जलकर हुआ खाक ।

Blog
नगदी व घर में रखे घरेलू उपकरण भी जले । 
भारत लीक्स,आगरा ।  फतेहपुर सीकरी के गांव मंगोली खुर्द में सोमवार दोपहर अचानक लगी आग ने दो गरीब परिवारों की गृहस्थी उजाड़ दी। आग की चपेट में आने से दो चचेरे भाइयों के मकानों में रखा घरेलू सामान, राशन, बिस्तर, भूसा तथा करीब 40 हजार रुपये की नकदी जलकर राख हो गई। घटना में एक गाय के भी झुलसने की सूचना है।
   घटना के अनुसार गांव निवासी सोहन सिंह पुत्र कलुआ एवं देवेंद्र सिंह पुत्र भगवान सिंह के मकानों में सोमवार की दोपहर अचानक आग लग गई। घटना के समय दोनों परिवारों के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। देवेंद्र सिंह मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, जबकि सोहन सिंह अपने परिवार के साथ गांव में अन्य स्थान पर थे।
घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों मकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि आग में उनकी वर्षों की जमा-पूंजी और दैनिक उपयोग का सामान नष्ट हो गया है, जिससे उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गई है और पीड़ितों ने आर्थिक सहायता व उचित मुआवजे की मांग की है।
ग्राम प्रधान सोनू वर्मा ने बताया कि दोनों परिवार मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आग की इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र राहत दिलाने की मांग की गई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। राजस्व विभाग की टीम द्वारा नुकसान का आकलन किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *