आगरा पुलिस में बड़ा फेरबदल, चार इंस्पेक्टर और दो उपनिरीक्षक स्थानांतरित

Blog

भारत लीक्स, आगरा। कमिश्नरेट आगरा में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देश पर सोमवार को पुलिस स्थापना बोर्ड की बैठक के बाद निरीक्षकों एवं उपनिरीक्षकों के तबादले किए गए। जारी आदेश के अनुसार चार निरीक्षकों और दो उपनिरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी सूची के अनुसार निरीक्षक राजेश प्रसाद बघेल को थाना मलपुरा से स्थानांतरित कर थाना शाहगंज का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं निरीक्षक राजीव त्यागी को शाहगंज से हटाकर थाना सिकंदरा का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। निरीक्षक प्रदीप कुमार घुण्डी को थाना सिकंदरा से थाना सैंया का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। इसके अलावा पुलिस उपायुक्त नगर जोन में वाचक के पद पर तैनात निरीक्षक राजीव कुमार को थाना मलपुरा का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।

उधर उपनिरीक्षकों की सूची में उपनिरीक्षक गुरविंद्र सिंह को कार्यकारी थानाध्यक्ष सैंया से स्थानांतरित कर थाना खंदौली (खेडा राठौर) का थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं उपनिरीक्षक योगेन्द्र सिंह, जो अब तक थाना खेडा राठौर के थानाध्यक्ष थे, उनके गैर जनपद स्थानांतरण होने के कारण उन्हें पुलिस लाइन संबद्ध किया गया है।

पुलिस आयुक्त द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *