भारत लीक्स,आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की खटीक कॉलोनी (नुनिहाई) में पालतू कुत्तों के हमले को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। एक वर्षीय मासूम को कुत्तों द्वारा उठाकर ले जाने के प्रयास के विरोध में शिकायत करने पहुंचे पड़ोसी परिवार पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, 9 जुलाई 2026 की रात करीब 3 बजे पड़ोसी पवन सिंह के पालतू तीन कुत्ते घर में घुस आए और एक वर्षीय मासूम मुस्कान को उठाकर ले जाने का प्रयास किया। परिजनों के शोर मचाने पर कुत्ते भाग गए और बड़ा हादसा टल गया।
अगली सुबह करीब 8:30 बजे जब पीड़ित पक्ष समझाने के लिए पड़ोसी के घर पहुंचा तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पहले गाली-गलौज की गई, फिर छत से ईंट-पत्थर बरसाए गए। इस दौरान एक पत्थर पीड़ित पक्ष के भतीजे आसू के सिर में जा लगा। इसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया ।
पीड़ित का आरोप है कि पवन सिंह, सुशील, अतर सिंह, पालू, मोहित, नथिया, मीना, अर्चना और विमला ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे आसू, ध्रुव, ईशु, राजकुमार और शिकायतकर्ता घायल हो गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से ईंट-पत्थर बरसाए।
घटना की सूचना पर थाना एत्माद्दौला प्रभारी देवेंद्र कुमार दुबे घटना स्थल पर पहुंच गए । घटनास्थल का ज्यादा लिया और पीड़ित की तहरीर पर आरोपीयों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर दिया ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में खुले छोड़े जाने वाले पालतू कुत्तों को लेकर पहले भी विवाद हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Post Views: 7

