स्कूल से निकलने के बाद नाबालिग छात्रा लापता ।

Blog
सीसीटीवी में स्कूल परिसर से बाहर जाते दिखी छात्रा, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
भारत लीक्स, आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और छात्रा की तलाश तेज कर दी गई है।
    जानकारी के अनुसार, नाबालिग छात्रा अपनी बड़ी बहन के साथ घर से स्कूल के लिए निकली थी और दोनों स्कूल परिसर के अंदर तक गई थीं। इसके बाद छात्रा स्कूल परिसर से बाहर निकलती हुई CCTV कैमरे में दिखाई दे रही है। स्कूल से निकलने के बाद छात्रा वापस घर नहीं लौटी, जिससे परिजन चिंतित हो गए।
      काफी देर तक आसपास और रिश्तेदारी में तलाश करने के बाद भी जब छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने थाना ट्रांस यमुना में लिखित सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
    पुलिस को एक पत्र भी मिला है, जो छात्रा द्वारा लिखा गया बताया जा रहा है। पत्र में छात्रा ने घर से जाने के पीछे पारिवारिक कारणों और मानसिक स्थिति का उल्लेख किया है। पुलिस इस पत्र को जांच का हिस्सा मानते हुए पूरे मामले की संवेदनशीलता से पड़ताल कर रही है।
     इस संबंध में थाना अध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने बताया कि
“मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।”
📌 पेरेंट्स के लिए संदेश
संवाद से ही समाधान
आज के समय में छात्र-छात्राएं भावनात्मक रूप से जल्दी प्रभावित हो जाते हैं। ऐसे में माता-पिता को चाहिए कि वे बच्चों से प्यार और धैर्य के साथ बात करें, उनकी बातों को समझें और अनावश्यक दबाव न बनाएं।
समय पर संवाद और विश्वास ऐसी घटनाओं को रोकने में अहम भूमिका निभाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *