सड़क पर भटकता मिला 4 साल की बच्ची, सोशल मीडिया और सर्च अभियान से मिला परिवार ।
भारत लीक्स,आगरा । थाना सदर क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और मानवता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। कल शनिवार की दोपहर को 4 वर्षीय मासूम आलोक (पिता – मानसिंह, माता – रेखा) अपने घर से निकल गया था और रास्ता भटक गया।
करीब 3:00 बजे ग्वालियर रोड पर बच्चा रोता हुआ सड़क किनारे मिला, जिसे चौकी इंचार्ज मोहित मलिक ने देखा। बच्चा इतना छोटा था कि वह अपना पता तक नहीं बता पा रहा था। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी ने तुरंत बच्चे को अपनी सुरक्षा में लिया और मय पुलिस बल के साथ उसके घरवालों की तलाश शुरू कर दी।
बताया जाता है कि बच्चा दोपहर से सड़क पर रो रहा था, लेकिन उसके माता-पिता द्वारा शाम 7:00 बजे तक भी थाना पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई थी। पुलिस टीम ने हार नहीं मानी और लगातार करीब 4 घंटे तक क्षेत्र की गलियों में खोजबीन करती रही। साथ ही सोशल मीडिया का सहारा लेकर भी जानकारी जुटाई गई।
आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई और बच्चे के पिता का पता चल गया। इसके बाद बच्चे को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस पूरी घटना में थाना सदर पुलिस और चौकी इंचार्ज मोहित मलिक की तत्परता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
Post Views: 17

