तहसील में अधिवक्ताओं का आंदोलन 12वे दिन जारी, अर्धनग्न प्रदर्शन कर जताया विरोध ।

Blog

 

भारत लीक्स,आगरा । एत्मादपुर तहसील में अधिवक्ताओं का आंदोलन सोमवार को लगातार 12वें दिन भी जारी रहा। ई-रजिस्ट्री, फ्रंट ऑफिस व्यवस्था और सरकारी सेवाओं के निजीकरण के विरोध में अधिवक्ताओं ने अर्धनग्न प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने विवादित व्यवस्था को तत्काल वापस लेने और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। अधिवक्ताओं का कहना है कि नई व्यवस्थाओं से आम जनता और अधिवक्ताओं दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि ई-रजिस्ट्री और फ्रंट ऑफिस व्यवस्था लागू होने से कार्य प्रणाली जटिल हो गई है, जिससे पारदर्शिता के बजाय लोगों की मुश्किलें बढ़ी हैं। लगातार चल रही हड़ताल का असर तहसील के कामकाज पर साफ दिखाई दे रहा है। रजिस्ट्री, राजस्व और अन्य प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने से फरियादियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोग बिना काम कराए ही वापस लौटने को मजबूर हुए। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन को किसान संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है और आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *