भारत लीक्स,आगरा । महिलाओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी वाले वायरल वीडियो को लेकर चर्चित यूट्यूबर और कॉमेडियन बाबू गप्पी विवादों में घिर गए हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। आरोप है कि वीडियो में महिलाओं के प्रति अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। मामले को लेकर योगी यूथ ब्रिगेड ने बाबू गप्पी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने आगरा पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
महिला कार्यकर्ता रेखा नागपाल ने भी वीडियो को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर ने आरोप लगाया कि व्यूज और फॉलोअर्स की होड़ में सोशल मीडिया पर इस तरह का विवादित कंटेंट बनाया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करेगा। इधर, विवाद बढ़ने के बाद बाबू गप्पी की ओर से माफीनामा भी सामने आया है। हालांकि माफी के बावजूद सोशल मीडिया पर विरोध थमता नजर नहीं आ रहा है। अब पूरे मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है। मामले में राज्य महिला आयोग अध्यक्ष बबीता चौहान द्वारा संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी करने की बात कही गई है इसके साथ में आगरा सर्विलेंस पुलिस द्वारा वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जाँच शुरू कर दी गई है।

