भारत लीक्स, आगरा। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने गुरुवार को आगरा के कालिंदी विहार स्थित नारी निकेतन तथा एत्मादपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एत्मादपुर सीएचसी के निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने, वेंडिंग मशीन की उपलब्धता न होने तथा अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।
वहीं कालिंदी विहार स्थित नारी निकेतन के निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने वहां की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में नारी निकेतन में तीन महिलाएं रह रही हैं। संस्थान में उनके लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छ वातावरण तथा रहने और भोजन की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है।
उन्होंने जानकारी दी कि नारी निकेतन में निवासरत महिलाओं में एक पश्चिम बंगाल, एक कानपुर और एक औरैया की रहने वाली है। कानपुर और पश्चिम बंगाल की महिलाओं के परिजन उन्हें अपने साथ रखने के लिए फिलहाल तैयार नहीं हैं। जबकि औरैया की महिला के परिवार से राज्य महिला आयोग संवाद स्थापित कर उसे पुनः परिवार से जोड़ने का प्रयास करेगा।
निरीक्षण के उपरांत बबिता चौहान ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण सुनिश्चित करना राज्य महिला आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

