भारत लीक्स,आगरा:– कालिंदी विहार 80 फुटा स्थित कालिंदी पब्लिक इंटर कॉलेज में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में रामबाग क्षेत्र के मंडल उपाध्यक्ष भगत वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। कॉलेज के मैनेजर आशीष राय लोधी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
विद्यालय की प्रधानाचार्य माधुरी ओझा ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली। स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों ने लंबे संघर्ष और अपने प्राणों का बलिदान देकर देश को आजादी दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से महापुरुषों के आदर्शों पर चलने और देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का आह्वान किया। वहीं रामबाग क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष गजेंद्र वर्मा ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि देश की रक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है। विद्यार्थियों को अपने जीवन में अनुशासन, मेहनत और राष्ट्रप्रेम को प्राथमिकता देनी चाहिए। कार्यक्रम के बाद विद्यालय प्रबंधन की ओर से बच्चों के लिए भोजन और प्रसाद की व्यवस्था की गई। विद्यार्थियों को प्रेमपूर्वक पूरी-सब्जी और प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यापिकाओं ज्योति, नेहा, माधुरी, सानिया, वंदना, सीमा, पायल और आरती, अध्यापक आदित्य सहित विद्यालय के अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

