नैना हादसा: स्कूल प्रबंधक भी गिरफ्तार, जर्जर बस बनी मौत की वजह ।
भारत लीक्स,आगरा । थाना एत्मादपुर क्षेत्र में 11 मार्च को हुए दर्दनाक स्कूल बस हादसे में छात्रा नैना की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए स्कूल प्रबंधक को भी गिरफ्तार कर लिया है।
नगला लाले निवासी ब्रह्मजीत की 9 वर्षीय पुत्री नैना स्कूल से घर लौट रही थी, तभी बस के फर्श के टूटे होने के कारण वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले में पहले ही 12 मार्च को बस चालक नरेन्द्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
इसी क्रम में फरार चल रहे स्कूल प्रबंधक कृपाल सिंह को पुलिस टीम ने 19 मार्च को मुखबिर की सूचना पर फिरोजाबाद क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, स्कूल में बच्चों के परिवहन के लिए जर्जर बस का उपयोग किया जा रहा था, जो हादसे का प्रमुख कारण बना।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
फोटो कैप्शन:
हादसे के बाद गिरफ्तार स्कूल प्रबंधक कृपाल सिं ।
Post Views: 3


