मानवेन्द्र सिंह बने कमर्शियल टैक्स ऑफिसर
भारत लीक्स,आगरा, हाथरस जिले के ग्राम गंगापुर, ब्लॉक हसायन निवासी मानवेन्द्र सिंह ने अदम्य साहस, कड़ी मेहनत और अटूट संकल्प के बल पर वह मुकाम हासिल किया है, जो लाखों युवाओं का सपना होता है।
कमजोरी को बनाया हथियार ।
एक पैर से पैरालाइज होने जैसी चुनौती के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) 2024 में 130वीं रैंक हासिल कर कमर्शियल टैक्स ऑफिसर पद पर चयनित होकर मिसाल कायम की है।
परिवार में सभी है शिक्षित ।
मानवेन्द्र सिंह एक शिक्षित और संस्कारवान परिवार से आते हैं। उनके पिता राम निवास सिंह रिटायर प्रधानाचार्य हैं, जबकि माता पंकज सिंह बीडीओ पद से सेवानिवृत्त हैं। प्रारंभिक शिक्षा उन्होंने आगरा पब्लिक स्कूल, आगरा से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश प्राविधिक विश्वविद्यालय (UPTU) से बीटेक किया। तकनीकी शिक्षा के बाद उन्होंने अपनी रुचि के अनुसार मनोविज्ञान विषय में एम.ए. किया और वर्ष 2022 में NET-JRF भी उत्तीर्ण किया। वर्तमान में वह दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, आगरा से मनोविज्ञान विषय में पीएचडी कर रहे हैं।
आत्मविश्वास की हुई जीत ।
मानवेन्द्र की यह सफलता केवल एक परीक्षा में चयन नहीं, बल्कि संघर्ष, धैर्य और आत्मविश्वास की जीत है। शारीरिक बाधा के बावजूद उन्होंने कभी अपने लक्ष्य से नजर नहीं हटाई और निरंतर प्रयास करते रहे। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और मित्रों को दिया है, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन ने उन्हें हर कठिन परिस्थिति में मजबूत बनाए रखा। खासतौर पर उन्होंने पायल जी का आभार व्यक्त किया, जिनके प्रोत्साहन ने उन्हें मुश्किल समय में भी लक्ष्य पर केंद्रित रहने की प्रेरणा दी।
मानवेन्द्र का कहना है कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए धैर्य, अनुशासन और निरंतर परिश्रम सबसे जरूरी हैं। उन्होंने बेहतर रैंक के लक्ष्य के साथ यूपीपीएससी मुख्य परीक्षा 2025 भी दी है और उन्हें उम्मीद है कि वह भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
Post Views: 6

