नलों आता गंदा पानी

तीन दिन से नलों में झाग वाला गंदा पानी, कालिन्दी विहार में हाहाकार

Blog

भारत लीक्स, आगरा । भीषण गर्मी में पानी के लिए जूझ रहे लोग, टंकियां खाली—यमुना पार में हर साल गहराती समस्या
कालिन्दी विहार क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से नलों में गंदा और झाग वाला पानी आने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हालात यह हैं कि दिन में करीब एक घंटे ही पानी की सप्लाई हो रही है, लेकिन वह भी इतना खराब होता है कि लोगों को उसे सीधे इस्तेमाल करने के बजाय नाली में बहाना पड़ रहा है। जब तक पानी कुछ हद तक साफ होता है, तब तक सप्लाई बंद हो जाती है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि गंदे पानी के कारण वे अपनी टंकियां तक नहीं भर पा रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच नहाने, धोने और रोजमर्रा के कामों के लिए पानी की किल्लत ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। खासकर लोकपुरम कॉलोनी में यह समस्या सबसे अधिक देखी जा रही है, जहां अधिकांश घरों में पानी की टंकियां खाली पड़ी हैं।

लोगों का आरोप है कि हर साल गर्मियों में यमुना पार क्षेत्र में पानी की समस्या बढ़ जाती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते। गंदे पानी की सप्लाई से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे लोगों में आक्रोश है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पानी की गुणवत्ता सुधारी जाए और नियमित, स्वच्छ जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि इस भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *