भारत लीक्स,आगरा । उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन “वामा सारथी” के तत्वावधान में शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित सभागार में “मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वामा सारथी कमिश्नरेट आगरा के निर्देशन में किया गया, जिसमें पुलिस परिवार के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम पुलिस आयुक्त आगरा दीपक कुमार एवं वामा सारथी अध्यक्ष श्रीमती मोनी शांडिल्य के निर्देशन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बच्चों को उनके अभिभावकों सहित आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।
वामा सारथी सदस्य श्रीमती हर्षिता द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। साथ ही विद्यार्थियों को “Green Habits, Bright Future” की शपथ दिलाई गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं परिजनों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से प्राप्त सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने वामा सारथी एवं पुलिस परिवार कल्याण प्रकोष्ठ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए इसे विद्यार्थियों के मनोबल और आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
समारोह में प्रतिसार निरीक्षक विनोद कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक पुलिस परिवार कल्याण प्रकोष्ठ श्रीमती हेमलता सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
Post Views: 11

