टेढ़ी बगिया क्षेत्र में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान ।  

Blog
टेढ़ी बगिया क्षेत्र में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान । 
भारत लीक्स,आगरा। पुलिस कमिश्नरेट आगरा के निर्देश पर ट्रांस यमुना क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार दोपहर थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के अंतर्गत टेढ़ी बगिया क्षेत्र में थाना प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान दुकानों के बाहर सड़क एवं फुटपाथ पर रखे सामान, टीनशेड तथा अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया गया। पुलिस ने सड़क किनारे अवैध रूप से कब्जा कर यातायात बाधित करने वाले लोगों को सख्त चेतावनी दी। अभियान में क्षेत्र की विभिन्न चौकियों की पुलिस फोर्स भी शामिल रही।
थाना प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस कमिश्नर आगरा के निर्देशानुसार शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। टेढ़ी बगिया चौराहा और आसपास के बाजार क्षेत्रों में सड़क पर सामान रखने तथा अव्यवस्थित पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अभियान के दौरान पुलिस ने अतिक्रमण करने वालों को हिदायत दी कि वे सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का कब्जा न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाने चाहिए, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर हो और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिले। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनहित में अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
— भारत लीक्स, आगरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *