टेढ़ी बगिया बस स्टैंड पर विवाद, पुलिस ने संभाला मोर्चा
।
भारत लीक्स, आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के अंतर्गत टेढ़ी बगिया स्थित सैटलाइट बस स्टैंड पर सवारी भरने को लेकर दो बस चालकों के बीच हुए विवाद को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शांत करा दिया। पुलिस की सक्रिय कार्रवाई से मौके पर किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की समस्या उत्पन्न नहीं होने दी गई।
मंगलवार को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि सैटलाइट बस स्टैंड पर दो पक्षों के बस चालक सवारी भरने को लेकर आपस में विवाद कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टेढ़ी बगिया चौकी प्रभारी अमित मुंडन मय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
जांच में पता चला कि रोहित पुत्र दीवान सिंह निवासी नगला रेवती थाना मलपुरा तथा राजेश कुमार पुत्र गुलाब सिंह निवासी किला मुरसान, जनपद हाथरस के बीच बस में सवारी बैठाने को लेकर कहासुनी और विवाद हो रहा था। चौकी प्रभारी अमित मुंडन ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों के विरुद्ध धारा 170/135/126 बीएनएसएस के अंतर्गत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए चालान किया।
विवाद के दौरान दोनों बसों की महिला परिचालकों के बीच भी गाली-गलौज की स्थिति बन गई थी। इस पर पुलिस ने महिला परिचालक उपासना पत्नी रोहित एवं गजेंद्री पत्नी राहुल को चौकी पर बुलाकर एंटी रोमियो टीम के समक्ष समझाइश दी और भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी। दोनों महिलाओं को चेतावनी देकर चौकी से ही रुखसत कर दिया गया।
चौकी प्रभारी अमित मुंडन की सूझबूझ और तत्परता के चलते मामला बढ़ने से पहले ही शांत करा दिया गया तथा बस स्टैंड पर सामान्य स्थिति बहाल कर दी गई। वर्तमान में मौके पर पूर्ण शांति व्यवस्था कायम है और यातायात सुचारु रूप से संचालित हो रहा है।
थाना अध्यक्ष हरेंद्र कुमार का बयान ।
थाना अध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने बताया, “सवारी भरने को लेकर दो बस चालकों के बीच विवाद की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। क्षेत्र में पूर्ण शांति है तथा कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।”
Post Views: 18

