1.15 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला ।
भारत लीक्स,आगरा। नगर निगम आगरा द्वारा गुरुवार को यमुनापार क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। यह अभियान रामबाग से शुरू होकर टेड़ी बगिया तक संचालित किया गया, जिसमें सड़क एवं फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
अभियान के दौरान नगर निगम के प्रवर्तन दल ने सार्वजनिक मार्गों पर रखे गए सामान को जब्त किया तथा कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल ₹1,15,500 से अधिक का जुर्माना भी वसूला गया।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क और फुटपाथ आम जनता की सुविधा के लिए हैं तथा इन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अतिक्रमणकारियों को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करने की सख्त चेतावनी दी।
नगर निगम का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं सुगम यातायात योग्य बनाने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे। अधिकारियों ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करें और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।
Post Views: 9


