Blog
विदाई के आँसू और नई उड़ान की खुशियाँ ।
 श्याम लाल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में अष्टम वर्ग के विद्यार्थियों का भावुक विदाई समारोह ।।
भारत लीक्स,आगरा। श्याम लाल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, यमुना ब्रिज में शुक्रवार को कक्षा अष्टम के भैया-बहनों के लिए आयोजित विदाई समारोह भावुकता और उत्साह के अनोखे संगम के साथ संपन्न हुआ। करीब 11 वर्षों तक विद्यालय में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह दिन खास होने के साथ-साथ भावुक भी रहा। अपने प्रिय विद्यालय को छोड़ते समय कई छात्रों की आंखें नम हो उठीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे विवेकानंद नगर के संघ चालक श्री ओम प्रकाश शर्मा ने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन और संस्कारों के महत्व को समझाते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि एक सच्चा विद्यार्थी वही है जो अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए समाज के प्रति जिम्मेदार बने।
विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय में दिए गए संस्कार ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। इन्हें अपनाकर विद्यार्थी हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
 परंपरा के साथ आधुनिकता का संगम । 
समारोह में विद्यार्थियों को पारंपरिक तरीके से माला पहनाकर, उपहार भेंट कर तथा जलपान, भोजन व मिष्ठान कराकर ससम्मान विदाई दी गई। इस दौरान माहौल में एक ओर विदाई की कसक थी, तो दूसरी ओर भविष्य की नई शुरुआत की खुशी भी साफ झलक रही थी।
आयोजन में रहा विशेष सहयोग ।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के आचार्य मुकेश कुमार गोला के निर्देशन में हुआ।
भोजन व्यवस्था में वंदना जी, दीपिका जी एवं डॉली जी सहित आचार्या बहनों का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *