100 फीट गहरे कुएं में गिरी महिला, पुलिस ने मौत के मुंह से निकाला बाहर ।

Blog

P

भारत लीक्स,आगरा। थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र के ग्राम कासगंज में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 35 वर्षीय महिला अचानक लगभग 100 फीट गहरे और मात्र 4 फीट चौड़े कुएं में गिर गई। महिला के कुएं में गिरने की सूचना मिलते ही डायल-112, थाना खेड़ा राठौर पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। संकरे और गहरे कुएं के कारण बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण था। फायर सर्विस के जवानों ने सुरक्षा उपकरणों और रस्सियों की मदद से कुएं में उतरकर महिला तक पहुंचने का प्रयास किया। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिस और फायर कर्मियों ने साहस, धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देश पर चले इस रेस्क्यू अभियान में थाना खेड़ा राठौर पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया। महिला को बाहर निकालते ही तत्काल एम्बुलेंस के जरिए उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह भेजा गया।
महिला के सुरक्षित बाहर आने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस व फायर सर्विस टीम का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि यदि पुलिस और फायर कर्मी समय पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
यह सफल रेस्क्यू अभियान आगरा पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण का शानदार उदाहरण बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *