ट्रांस यमुना पुलिस ने 30 लाख की अवैध शराब के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह दबोचा । 

Blog
भारत लीक्स,आगरा। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्कर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने पंजाब से झारखंड अवैध शराब की खेप भेजने वाले गिरोह के तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत की 350 पेटी अंग्रेजी शराब व बीयर, एक कैंटर, एक मारुति विटारा ब्रेजा कार, दो मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब से लाई गई अवैध शराब की बड़ी खेप झारखंड भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार ने अपनी टीम के साथ घेराबंदी कर हाईवे पर कार्रवाई की और तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पंजाब से लाई गई शराब को झारखंड में सप्लाई किया जाना था। शराब की सुरक्षा और रास्ता साफ कराने के लिए आगे-आगे एक कार चल रही थी, जबकि पीछे कैंटर में शराब की खेप ले जाई जा रही थी। पुलिस की सतर्कता से पूरा नेटवर्क समय रहते पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूपत राम (राजस्थान), अनिल कुमार और जगदीप (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सरगनाओं भूपेंद्र दहिया और दीपक की तलाश जारी है। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी में रॉयल ग्रीन, इम्पीरियल ब्लू, मैकडॉवेल्स नंबर-1 सहित विभिन्न ब्रांडों की शराब तथा बीयर की कुल 350 पेटियां शामिल हैं।
थानाध्यक्ष और चौकी पुलिस की सक्रियता बनी सफलता की कुंजी ।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार के नेतृत्व में ट्रांस यमुना पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चला रही है। मुखबिर तंत्र की सटीक सूचना, त्वरित रणनीति और पुलिस टीम की सतर्कता के चलते इतनी बड़ी खेप पकड़ी जा सकी। क्षेत्र में सक्रिय चौकी प्रभारी एवं पुलिस टीम ने भी पूरी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके चलते अंतरराज्यीय तस्करी के बड़े नेटवर्क को समय रहते ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार,उपनिरीक्षक रवि कुमार, उपनिरीक्षक गुरविंदर सिंह
उपनिरीक्षक मोहित
उपनिरीक्षक विक्रम सिंह
उपनिरीक्षक मनीष कुमार
मुख्य आरक्षी लोकेश कुमार
कांस्टेबल शिवकिशोर
कांस्टेबल अभिषेक मलिक
कांस्टेबल गिरिराज गोयल
कांस्टेबल अनुज कुमार
बॉक्स खबर:
30 लाख की शराब, कैंटर और कार बरामद
350 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर
1 कैंटर
1 मारुति विटारा ब्रेजा
2 मोबाइल फोन
₹3,500 नकद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *