Featured Video Play Icon

कार की छत पर मौत का सफर, फतेहाबाद की सड़कों पर कानून बेअसर ।

Blog
 फतेहाबाद रोड पर चलती कार की छत पर बैठे युवक, मौत से खेलते स्टंट ने बढ़ाई चिंता ।
भारत लीक्स, आगरा। ताजनगरी की सबसे व्यस्त और वीआईपी सड़कों में शामिल फतेहाबाद रोड पर शनिवार देर रात कानून और सुरक्षा नियमों की खुली धज्जियां उड़ती दिखाई दीं। तेज रफ्तार फोर व्हीलर की छत पर दो  युवक बैठकर सरेआम सफर करते रहे। वही एक युवक खड़की से बाहर निकलकर खिड़की पर  बैठा दिखाई दे रहा है । वही पीछे चल रहे वाहन सवारों ने इस खतरनाक हरकत को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। तस्वीरें सामने आने के बाद एक बार फिर शहर में रात के समय होने वाले स्टंट और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी दूरी तक इसी तरह चलती रही, लेकिन किसी ने भी युवकों को रोकने की कोशिश नहीं की। कार की छत पर बैठे युवक बिना किसी सुरक्षा के यात्रा कर रहे थे। यदि अचानक ब्रेक लग जाता, वाहन असंतुलित हो जाता या किसी अन्य वाहन से टक्कर हो जाती, तो बड़ा हादसा होना तय था। ऐसी स्थिति में न केवल कार सवारों की जान खतरे में पड़ती, बल्कि पीछे से आ रहे अन्य वाहन भी दुर्घटना का शिकार हो सकते थे।
 लोगों का कहना है कि इस प्रकार का कृत्य मोटर वाहन अधिनियम के तहत खतरनाक ड्राइविंग, यातायात सुरक्षा नियमों की अवहेलना तथा सार्वजनिक जीवन को जोखिम में डालने की श्रेणी में माना जा सकता है। यदि वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक लोग सवार थे या अन्य नियमों का उल्लंघन हुआ है, तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई भी संभव है। अंतिम कार्रवाई पुलिस जांच और तथ्यों के आधार पर तय होगी।
फतेहाबाद रोड पर रात के समय तेज रफ्तार, रेसिंग और स्टंटबाजी की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर सख्ती नहीं की गई तो किसी दिन यह लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
लोगों ने आगरा ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस से मांग की है कि वायरल तस्वीरों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान कर चालक एवं स्टंट करने वाले युवकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क पर कानून का डर कायम रहे और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *