शाहदरा फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा: कार की टक्कर से दो युवकों की मौत ।

Blog
कार चालक वाहन छोड़कर फरार  ।
भारत लीक्स,आगरा ।   थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र अंतर्गत शाहदरा फ्लाईओवर पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभिषेक शर्मा (पुत्र जितेंद्र शर्मा), हाल निवासी ग्राम छलेसर थाना एत्मादपुर व ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस-02 थाना एत्माद्दौला, तथा सतवीर उर्फ सत्यवीर (पुत्र भवानी शंकर, पता अज्ञात) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक देर रात बाइक से जा फिरोजाबाद की तरफ जा रहे थे।  तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक फ्लाईओवर से नीचे गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना ट्रांस यमुना प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं नवीन गल्ला मंडी चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे आरोपी की जल्द पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
शाहदरा फ्लाईओवर पर इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब 20 फीट ऊंचे इस फ्लाईओवर से वाहन अनियंत्रित होकर नीचे सर्विस रोड पर गिर चुके हैं। बार-बार हो रहे हादसों के चलते यहां सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और स्पीड कंट्रोल के उपाय करने की मांग उठती रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *