भारत लीक्स, आगरा । प्रकाश नगर के छदामी नगर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में धुत बेटे ने अपने ही पिता पर इंटरलॉकिंग ईंट से हमला कर दिया। इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
क्या है पूरा मामला ।
प्रकाश नगर निवासी लीलाधर पुत्र लखन सिंह अपने परिवार के साथ छवि नगर में रहते थे। उनके तीन बेटे हैं — राजेश, राजू और धर्मवीर। बताया गया है कि धर्मवीर बाहर होटल पर काम करता है और शराब पीने का आदी है। करीब पांच दिन पहले वह घर आया था।
परिजनों के अनुसार, 19 तारीख की रात करीब 10 बजे धर्मवीर शराब पीकर घर पहुंचा और अपने पिता से ₹1500 मांगने लगा। पिता लीलाधर ने कहा कि जब वह वापस दिल्ली जाएगा तब पैसे दे देंगे। इसी बात को लेकर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और कुछ देर बाद घर से चला गया।
रात 2 बजे लौटा, सुबह कर दिया हमला ।
बताया गया कि रात करीब 2 बजे धर्मवीर दोबारा घर लौटा। आते ही उसने दरवाजे में लात मारी ओर हंगामा किया । जिसके बाद करीब 3 बजे राजेश अपने पिता लीलाधर के साथ सब्जी मंडी जाने के लिए निकला। तभी पीछे से धर्मवीर आया और इंटरलॉकिंग की ईंट उठाकर पहले अपने भाई राजेश पर हमला कर दिया।
इसके बाद उसने अपने पिता लीलाधर के पैर पर ईंट मार दी, जिससे उनका पैर फ्रैक्चर हो गया और वह सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि इसके बाद धर्मवीर ने पीछे से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से लीलाधर वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा ।
घबराकर घर भागा बेटा, अस्पतालों के चक्कर ।
घटना देखकर राजेश बुरी तरह घबरा गया और दौड़कर घर पहुंचा। उसने परिवार और आसपास के लोगों को जानकारी दी। सुबह होने तक लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
परिजन घायल लीलाधर को ऑटो से नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार दोपहर उनकी मौत हो गई।
मौत के बाद घर लाया गया शव, पुलिस पहुंची मौके पर ।
लीलाधर की मौत के बाद परिजन शव को घर लेकर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही थाना अध्यक्ष देवेंद्र कुमार दुबे, एसआई धर्मेंद्र वर्मा तथा सब इंस्पेक्टर निर्दोष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी जुटाई। राजेश की तहरीर पर आरोपी धर्मवीर के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
Post Views: 9

